वेलकम दस नंबरी साल

वेलकम दस नंबरी साल
आलोक पुराणिक
2008 आ ही सा गया।
एक न्यूमरोलोजिस्ट से भविष्य बंचवाया, तो उसने बताया कि 2008 को जोड़ो, तो फिगर बनता है दस। यानी दस नंबरी साल है। इसमें दस नंबरी बंदों की मौज आयेगी। दस नंबरी कानून के हिसाब से वो होते हैं, जिनकी पुलिस थाने कचहरी में आवाजाही लगी रहती है।
मैंने न्यूमरोलोजिस्ट को डांटा-अबे ये क्या नयी बता रहा है। दस नंबरियों की मौज तो हर साल है। देख उन्हे एक केस में बाइज्जत बरी हुए हैं। दूसरे केस में बेइज्जत अंदर हो गये हैं। पर इलेक्शन लड़ा और जीत गये। दांव लगेगा, तो मंत्री, नही तो मंत्री मेकर। दस नंबरी इस देश में कब मौज में नहीं थे प्यारे। और दस नंबरी कब मजे में नहीं रहेंगे प्यारे।
उनके हैपी होने का ताल्लुक किसी ईयर से नहीं है, खुद की सामर्थ्य से है।
बंदे को समर्थ होने पर फोकस करना चाहिए। दस नंबरी होने पर फोकस करना चाहिए। हैपीनेस तो अपने आप आ लेगी।
गालिब ने अपने नये साल का जिक्र एक शेर में यूं किया है-
देखिये पाते हैं उश्शाक बुतों से क्या फैज
एक बरहमन ने कहा है कि ये साल अच्छा है
गालिब के जमाने में वो ईयर अच्छा मान लिया जाता था,जिसमें आशिक मिजाज सुंदरियां लिफ्ट दे देती थीं। वो जमाने और थे, शायर को सुंदरियां लिफ्ट दे देती थीं। अब नयी चाल की सुंदरियां शायरी नहीं समझतीं। फिर समझदार सुंदरी शायरों के चक्कर में ही नहीं पड़ती, वह माडलिंग के रुट से फिल्म, टीवी की तरफ कूच कर जाती है।
हाय क्या दिन थे, जब शायरों, लेखकों के साल सुंदरियां अच्छे कर देती थीं।
अब लेखकों के साल को महंगा प्याज, परम महंगा टमाटर चौपट कर देता है।
गालिबजी निकल लिये आप तो, सही से टाइम में। सुंदरियों पर फोकस करना अफोर्ड कर सकते थे। अब तो प्याज-लहसुन सुंदरियों पर भारी पड़ जाते हैं। पामेला एंडरसन,राखी सावंत पर सोचना शुरु करो, तो प्याज नाचने लगता है।
हम तो ये दुआ कर रहे हैं-
देखिये पाते हैं कित्ते सस्ते प्याज आलोक
एक बरहमन ने कहा है कि ये साल अच्छा है

6 Responses to “वेलकम दस नंबरी साल”

  1. अरे वाह!
    साल भर पढ़ेंगे फोकट में अगड़म बगड़म
    एक बरहमन ने कहा है कि ये साल अच्छा है :-)

  2. टैम-टैम की बात है आलोकजी. वैसे चचा गालिब भी राखी और पामेला को देखकर सोचते होंगे कि हाय हम भी धरती पर अब क्‍यों न हुए.
    बहरहाल आपको और आपके परिवार को नववर्ष की मंगलकामनाएं. :)

  3. क्या करें सर, ये दस नम्बरी वाली हैसियत पाने की नहुत कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं हुआ….इस बार देखते हैं, क्या होता है…आपको ये दस नम्बरी साल मुबारक हो.

  4. अपन कोशिश करते है इस दस नम्बरी साल मे दस नम्बरी बनने की जी ;)

    नया साल आपको पहले से और भी बेहतर कुछ दे जाए! नए वर्ष की शुभकामनाएं

  5. लगता है सारे बरहमन आपको अच्छे साल के लिये विश कर रहे हैं । हम भी किये देते हैं । :) :D
    नववर्ष की शुभकामनाएँ ।
    घुघूती बासूती

  6. भगवान करे इस साल राखी सांवत और पामेला खूब सारे आलू प्याज ले कर आएं साथ में बोनस के रुप में टमाटर भी
    दस नंबरी साल आप को मुबारक हो, खूब घूमें

Leave a Reply